18 साल बाद बड़े पर्दे पर साथ दिखेंगे अक्षय कुमार और सैफ अली खान, ‘हैवान’ की रिलीज डेट का हुआ एलान

बॉलीवुड के दो बड़े सितारे अक्षय कुमार और सैफ अली खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाले हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘हैवान’ की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा करते हुए बताया कि फिल्म इसी साल सितंबर में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
18 साल बाद फिर बनेगी अक्षय-सैफ की जोड़ी
‘हैवान’ की सबसे खास बात यह है कि इसके जरिए अक्षय कुमार और सैफ अली खान करीब 18 साल बाद किसी फिल्म में साथ दिखाई देंगे। इससे पहले दोनों की जोड़ी साल 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘टशन’ में देखने को मिली थी। लंबे अंतराल के बाद दोनों सितारों को एक साथ देखने के लिए फैंस भी काफी उत्साहित हैं।
सुपरहिट मलयालम फिल्म का हिंदी रीमेक
यह फिल्म साल 2016 में आई मलयालम सुपरहिट फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक है। मूल फिल्म में मोहनलाल ने मुख्य भूमिका निभाई थी। हिंदी संस्करण में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के साथ श्रेया पिलगांवकर, सैयामी खेर और बोमन ईरानी भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। खबरों के मुताबिक, इस फिल्म में अक्षय कुमार एक दमदार निगेटिव रोल में दिखाई देंगे। फिल्म की शूटिंग अगस्त 2025 में शुरू हुई थी।
11 सितंबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
फिल्म के निर्माताओं ने पुष्टि की है कि ‘हैवान’ 11 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स ने संयुक्त रूप से किया है। निर्देशन की कमान प्रियदर्शन ने संभाली है, जबकि इसकी कहानी रोहन शंकर ने लिखी है, जो इससे पहले कई चर्चित फिल्मों के संवाद भी लिख चुके हैं।
(साभार)
![]()