Breaking News :
>>भारतीय क्रिकेट के दिग्गज तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट को कहा अलविदा>>सीएम धामी ने रूप चतुर्दशी (छोटी दीपावली) पर समस्त प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं>>बॉक्स ऑफिस पर सूर्या की ‘सीन’ का धमाका, फिल्म ने पहले दिन कमाए इतने करोड़ रुपये>>युवाओं के लिए खुशखबरी, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग में 54 पदों पर निकली भर्ती>>‘राइज एंड फॉल 2’ के विनर बने शहजाद पूनावाला, जीती ट्रॉफी और 35 लाख रुपये>>लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और अभिनेता हेमंत पांडे लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित>>केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री धामी ने किया 62 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास>>अब बुजुर्गों तक सीमित नहीं घुटनों का दर्द, कम उम्र के लोग भी हो रहे प्रभावित; जानें इसके कारण और बचाव के तरीके>>दुर्गम हिमालयी क्षेत्र में SDRF का सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी, अब तक 07 शव बरामद>>जयपाल मालवीय ने रचा इतिहास, विश्व चैंपियनशिप में जीता रजत पदक>>मुख्यमंत्री धामी ने समस्त प्रदेशवासियों को दी धनतेरस की शुभकामनाएं>>मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड फिल्म पुरस्कारों को दी मंजूरी>>बॉक्स ऑफिस पर ‘रामायण’ का धमाका, पहले दिन ही पार किया 60 करोड़ का आंकडा>>धामी सरकार में पर्यटन सुविधाओं को विस्तार, चमोली के वाण में 1.36 करोड़ से बनेगी आधुनिक सतही पार्किंग>>लामबगड़ में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो पिकअप और किआ कार की भिड़ंत में 7-8 लोग घायल>>रंगारंग प्रस्तुतियों और बॉलीवुड गायक वरुण जैन की शानदार परफॉर्मेंस के साथ ‘धरोहर-2026’ का भव्य समापन>>केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर दून में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद>>अमित शाह के दौरे और धनतेरस को लेकर देहरादून में ट्रैफिक प्लान जारी, कई रूट डायवर्ट>>जिलाधिकारी ने नगर निगम श्रीनगर के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की, दिए आवश्यक निर्देश>>जिलाधिकारी ने की संयुक्त चिकित्सालय श्रीनगर की चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक
मनोरंजन

19 साल के रितेश पाल ने जीता ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ सीजन 5 का खिताब

‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ सीजन 5 का खिताब जीतने वाले 19 वर्षीय रितेश पाल की कहानी सिर्फ एक डांस ट्रॉफी तक सीमित नहीं है। कभी इसी मंच से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा था। सीजन 2, 3 और 4 में लगातार असफलता मिलने के बावजूद रितेश ने अपना सपना नहीं छोड़ा। हालात यहां तक पहुंचे कि परिवार ने उन्हें डांस छोड़कर भाई के सैलून में काम करने की सलाह दी। इसके बावजूद रितेश अभ्यास में जुटे रहे और आखिरकार उसी शो के सीजन 5 में विजेता बनकर सामने आए।

जीत के बाद रितेश ने अपने संघर्ष, परिवार की नाराजगी, गुरु के भरोसे और भविष्य के सपनों को लेकर खुलकर बात की। उनका कहना है कि लगातार मिल रहे रिजेक्शन के बावजूद उन्होंने कभी डांस छोड़ने के बारे में नहीं सोचा।

परिवार चाहता था डांस छोड़कर सैलून में काम करें

रितेश के मुताबिक, जब उन्होंने डांस के लिए ऑडिशन देना शुरू किया था, तब परिवार का पूरा सहयोग नहीं मिल पाया। कई साल तक लगातार रिजेक्शन मिलने के बाद परिवार भी चिंतित हो गया था। घरवालों ने उन्हें भाई के सैलून में काम करने और पार्लर संभालने की सलाह दी।

रितेश ने बताया कि उन्होंने परिवार की बात को पूरी तरह नजरअंदाज भी नहीं किया। वह सप्ताह में छह दिन डांस की प्रैक्टिस करते थे और रविवार को भाई के सैलून में हाथ बंटाते थे। इससे उन्हें अपनी जेब खर्च के लिए कुछ पैसे भी मिल जाते थे। हालांकि, उनके मन में डांस छोड़ने का विचार कभी नहीं आया। उन्हें विश्वास था कि लगातार मेहनत के बाद एक दिन उन्हें सफलता जरूर मिलेगी।

गुरु मनीष का भरोसा बना बड़ी ताकत

रितेश की इस यात्रा में उनके गुरु मनीष का भी अहम योगदान रहा। उन्होंने बताया कि कई बार लगातार असफलताओं के कारण उनका अपना धैर्य कमजोर पड़ने लगा था, लेकिन गुरु मनीष हमेशा उनका हौसला बढ़ाते रहे।

रितेश के मुताबिक, उनके गुरु उनसे भी ज्यादा धैर्य रखते थे। वह हमेशा कहते थे कि एक दिन रितेश किसी बड़े शो में जरूर जाएंगे और जीतकर लौटेंगे। रिजेक्शन को भी वह तैयारी का हिस्सा बताते थे। गुरु के इसी भरोसे ने रितेश को लगातार अभ्यास करते रहने की प्रेरणा दी।

तीन बार रिजेक्शन के बाद भी नहीं मानी हार

‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ के पिछले सीजन में मिली असफलताओं को रितेश ने अपनी मंजिल नहीं माना। उनका कहना है कि हर बार रिजेक्शन के बाद दुख जरूर होता था, लेकिन उन्होंने इसे डांस छोड़ने की वजह नहीं बनने दिया।

रितेश मानते हैं कि शायद उस समय वह उस सफलता के लिए पूरी तरह तैयार नहीं थे। हर ऑडिशन के बाद उन्हें अपनी कुछ कमियां नजर आती थीं और वह उन्हें सुधारने की कोशिश करते थे। उनके मुताबिक, अब पीछे मुड़कर देखने पर लगता है कि सीजन 5 में जीत उनके हिस्से में लिखी थी।

सीजन 6 का इंतजार कर रहे थे, सीजन 5 के बन गए विजेता

दिलचस्प बात यह है कि सीजन 5 के लिए रितेश खुद ऑडिशन देने के बारे में नहीं सोच रहे थे। वह अगले सीजन यानी सीजन 6 में किस्मत आजमाने का मन बना चुके थे। इसी दौरान उन्हें दोबारा ऑडिशन देने के लिए फोन आया।

रितेश ने एक और मौका मानकर ऑडिशन दिया और पहले ही राउंड में उनका चयन हो गया। जैसे-जैसे वह प्रतियोगिता में आगे बढ़ते गए, उनका आत्मविश्वास भी मजबूत होता गया। उन्हें उम्मीद तो बनने लगी थी कि इस बार अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं, लेकिन उन्होंने खुद भी नहीं सोचा था कि अंत में ट्रॉफी उनके हाथ में होगी।

प्रतीक उतेकर के साथ काम करने का सपना हुआ पूरा

रितेश की लंबे समय से कोरियोग्राफर प्रतीक उतेकर के साथ काम करने की इच्छा थी। शो के दौरान उन्हें उनके साथ काम करने का मौका मिला। रितेश के मुताबिक, प्रतीक उतेकर ने उन्हें सिर्फ डांस स्टेप्स पर ध्यान देने के बजाय किरदार और भावनाओं को समझकर प्रस्तुति देना सिखाया।

उनका कहना है कि पहले उनका ध्यान मुख्य रूप से मूवमेंट और स्टेप्स पर रहता था, लेकिन इस अनुभव से उन्हें समझ आया कि किसी किरदार को महसूस करना भी डांस का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

जीत की रकम से मां के लिए बनाना चाहते हैं घर

ट्रॉफी जीतने के बाद रितेश की पहली प्राथमिकता खुद के लिए कुछ खरीदना नहीं है। वह अपनी मां के लिए घर बनाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि इस घर का नाम वह ‘हरि दर्शन’ रखना चाहते हैं।

रितेश के मुताबिक, उन्होंने डांस की यात्रा शुरू करते समय एक सपना देखा था कि जब भी वह सफल होंगे तो सबसे पहले अपनी मां के लिए कुछ करेंगे। अब उनकी इच्छा है कि उनकी मां का अपना घर हो। वह कहते हैं कि मां के लिए कुछ करना उनके लिए खुद के लिए कुछ करने जैसा ही है।

अब अंतरराष्ट्रीय मंच और फिल्मों की ओर नजर

‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ की ट्रॉफी जीतने के बाद रितेश की नजर अब नए लक्ष्यों पर है। उनका सपना अंतरराष्ट्रीय मंच पर डांस करने का है। वह चाहते हैं कि देश के बाहर भी लोग उनके डांस को देखें और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुति देने का मौका मिले।

डांस के अलावा रितेश अभिनय की दुनिया में भी कदम रखना चाहते हैं। उनका लक्ष्य फिल्मों में काम करना है। फिलहाल डांस उनकी पहली प्राथमिकता है, लेकिन भविष्य में वह अभिनय के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाने की इच्छा रखते हैं।

(साभार)