रामनगर में हाथियों का उत्पात, गिरिजा मंदिर के निकट तोड़ी प्रसाद की 15 दुकान

रामनगर, नैनीताल : रामनगर से करीब 11 किलोमीटर दूर गिरिजा मंदिर के निकट देर रात हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान हाथियों ने प्रसाद की पंद्रह अस्थायी दुकानों को तहस-नहस कर दिया। इससे दुकान स्वामियों में दहशत है।
गिरिजा मंदिर की तलहटी पर कोसी नदी किनारे प्रसाद की अस्थायी दुकानें हैं। सुंदरखाल के ग्रामीणों ने यहां प्रसाद की दुकानें खोली हैं। रात के समय वे झोपड़ीनुमा दुकानों को बंद कर घर चले जाते हैं।
आज सुबह जब दुकानदार पहुंचे को अधिकांश को अपनी दुकानें तहस-नहस अवस्था में मिली। रात को हाथियों के झुंड ने इन दुकानों को तोड़ दिया। साथ ही दुकान स्वामियों का राशन भी चट कर दिया।
दुकानदारों के मुताबिक पिछले चार दिनों से रात में इस क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही हो रही है। हाथियों ने उनका हजारों रुपये का नुकसान कर दिया। उन्होंने वन विभाग से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध की मांग की।
152 total views, 1 views today