एक और किटी गैंग करोड़ों रुपये डकार कर फरार, पढ़िए पूरी खबर

देहरादून। किटी गैंग के काले कारनामे अब हर रोज सामने आ रहे हैं। ताजा मामला पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में सामने आया, जहां किटी संचालिका और उसके पति समेत नौ लोगों ने सैकड़ों महिलाओं के करोड़ों रुपये डकार लिए हैं। पीड़ितों के अनुसार पूरा गैंग एक महीने से फरार है। मामले में पटेलनगर कोतवाली में पुलिस ने नौ आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता कंवलजीत कौर निवासी देहराखास ने पुलिस को बताया कि गुंजन मुघलू व उसका पति संदीप मुघलू उनके पड़ोस में रहते हैं। दोनों कई महीने से किटी चला रहे हैं, जिसमें तमाम लोगों ने पैसे लगा रखे हैं। किटी की किश्त जमा कराने में दोनों के साथ गुंजन के पिता अशोक कुमार, भाई गौरव, भांजी सृष्टि शर्मा, बहन पूनम सहगल, भाई पारस सहगल, जिया, आकाश बांगा ये सब लगे रहते हैं। यह दंपती पिछले एक माह से रकम लेकर फरार है। कंवलजीत ने बताया कि शनिवार को जब वह गुंजन के घर पर रकम लेने के लिए अन्य लोगों के साथ गईं तो वहां मिले आकाश बांगा ने उनके साथ मारपीट की और धमकी दी।
105 total views, 1 views today