राहुल गांधी ने भाजपा पर लगाए आरोप, कहा- कर्नाटक में हमारी जीत पक्की

बेंगलुरु । कर्नाटक में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन आज है, इसलिए जाहिर है कि राजनीतिक पार्टियां अपनी बची सारी ताकत झोंक देंगी। इस क्रम में एक ओर जहां प्रधानमंत्री मोदी ‘नमो एप’ के जरिए एससी/एसटी को संबोधित कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी रेड्डी ब्रदर्स, राफेल डील व दलितों का मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर आक्रामक तेवर में दिखे। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि कांग्रेस के घोषणापत्र को कॉपी कर लिया है।
राहुल ने कहा, ‘मेरा मंदिर जाना भाजपा को पसंद नहीं है। कर्नाटक चुनाव के बारे में राहुल ने कहा इस चुनाव का संबंध कर्नाटक के भविष्य से है। यह चुनाव मुद्दों पर लड़ा जा रहा है, जबकि प्रधानमंत्री लोगों को मुद्दों से भटका रहे हैं।’
राहुल ने कहा, ‘विरोधियों ने हम पर निजी हमले किए हैं। कर्नाटक के लोगों से हमने काफी कुछ सीखा है।‘ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘पीएम दलितों के मुद्दे क्यों नहीं उठाते हैं, ऊना के मुद्दे पर नहीं बोलते हैं। चीन में डोकलाम का मुद्दा नहीं उठाया बिना एजेंडा चीन गए।‘
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने चुनावी अभियान के दौरान सरकार की उपलब्धियों को बताया और कहा, ‘राहुल गांधी के नेतृत्व में हम चुनाव लड़ रहे हैं।‘ बता दें कि आज से दो दिन बाद यानि 12 मई को कर्नाटक में चुनाव है और 15 मई को इसके नतीजे का ऐलान होगा।
![]()