लखनऊ एयरपोर्ट पर लेबर कॉलोनी में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी, दो लोग झुलसे

दमकल की नौ गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परिसर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मजदूरों के लिए बनाई गई लेबर कॉलोनी में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग की लपटें कुछ ही देर में तेजी से फैल गईं और पूरे इलाके में धुआं छा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, एयरपोर्ट परिसर में टाटा प्रोजेक्ट्स की ओर से मजदूरों के रहने के लिए पीवीसी पैनल से तीन मंजिला आवासीय भवन तैयार किया गया था। इस भवन में करीब 352 मजदूर रह रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे एक मजदूर सिलेंडर पर खाना बना रहा था। इसी दौरान अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और भवन के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग तेजी से फैलने की सूचना मिलते ही भवन में मौजूद मजदूरों को तत्काल बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। राहत की बात रही कि सभी मजदूरों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, अपना सामान बचाने की कोशिश में निर्मल और राहुल नाम के दो मजदूर झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की नौ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से भवन का ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल पूरी तरह जल गया, जबकि ऊपरी हिस्से भी प्रभावित हुए हैं। आग से मजदूरों का सामान और आवासीय परिसर को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति ने बताया कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। एयरपोर्ट की सुरक्षा टीम के साथ सरोजनीनगर पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। फिलहाल घटना में किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है। समय रहते मजदूरों को बाहर निकाल लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।
![]()