जनपद में आज कोविड-19 के 44 पाॅजिटिव मामले मिले; जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण टीम द्वारा शेरपुर पेलियों में क्षेत्र में किया भ्रमण एवं निरीक्षण

आकाश ज्ञान वाटिका, शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2020, देहरादून (जि.सू.का.)। जिलाधिकारी डाॅ० आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया है कि जनपद में कोरोना वायरस संक्रमण के दृष्टिगत प्राप्त हुई रिपोर्ट में 44 व्यक्तियों की रिपोर्ट पाॅजिटिव प्राप्त होने के फलस्वरूप जनपद में आतिथि तक कोरोना से संक्रमित व्यक्तियों की संख्या 16585 हो गयी है, जिनमें कुल 14655 व्यक्ति उपचार के उपरान्त स्वस्थ हो गये हैं। वर्तमान में जनपद में कुल 1229 व्यक्ति उपचाररत हैं। इसके अतिरिक्त जनपद में आज जाँच हेतु कुल 1820 सैम्पल भेजे गये।
कोविड-19 संक्रमण के दृष्टिगत बचाव एवं रोकथाम हेतु जनपद अन्तर्गत विभिन्न चिकित्सालयों में वर्तमान में 200 आईसीयू बैड रिक्त हैं।
जनपद में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का उपयोग न करने पर 212 व्यक्तियों के चालान किये गये। आँगनबाड़ी कार्यकर्तियों द्वारा जनपद अन्तर्गत 39690 व्यक्तियों का सर्विलांस किया गया है।
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण टीम द्वारा शेरपुर पेलियों में भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान टीम द्वारा इस दौरान 53 घरों का सर्वे किया गया। निरीक्षण के दौरान किसी भी घर में मच्छर का लार्वा नहीं पाया गया। अभियान के दौरान लोगों को जागरूक करने के लिए डेंगू, मलेरिया एवं कोरोना वायरस के पंपलेट वितरित किए गए तथा सभी को डेंगू नियंत्रण हेतु सहयोग करने के लिए कहा गया। विगत वर्ष जनपद देहरादून में 23 अक्टूबर 2019 तक 4705 डेंगू एलाइजा धनात्मक रोगी पाए गए थे। क्षेत्रीय आशा एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के द्वारा निरन्तर अपने क्षेत्रों में निगरानी रखी जा रही है तथा मच्छर का लार्वा पाए जाने पर उसे नष्ट किया जा रहा है तथा डेंगू नियंत्रण हेतु लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
228 total views, 1 views today