स्थापना दिवस पर बोले PM मोदी, भाजपा के लिए उनके कार्यकर्ता सबकुछ

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी आज (6 अप्रैल) 38वें स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच लोकसभा सीटों के पार्टी कार्यकर्ताओं और पार्टी की 734 जिला इकाइयों के अध्यक्षों से संवाद करेंगे। भाजपा ने गुरुवार की एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। बताया जा रहा है कि पीएम मोदी अपने ऐप के जरिये वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इन सभी कार्यकर्ताओं और अध्यक्षों से संवाद करेंगे।
कार्यकर्ताओं से संवाद के लिए जिन पांच लोकसभा क्षेत्रों का चयन किया गया है उनमें नई दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), उत्तर-मध्य मुंबई और सारण (बिहार) शामिल हैं। इन सीटों से क्रमश: मीनाक्षी लेखी, मनोज तिवारी, अनुराग ठाकुर, पूनम महाजन और राजीव प्रताप रूढ़ी सांसद हैं। इस संवाद के दौरान प्रधानमंत्री मोदी कार्यकर्ताओं और जिला प्रमुखों से कई मसलों पर बातचीत करेंगे और उनके सवालों के जवाब भी देंगे।
इस मौके पर पीएम ने ट्वीट कर कहा कि मेहनती कार्यकर्ताओं से रूबरू होना हमेशा खास होता है। साथ ही उन्होंने बताया कि शाम साढ़े चार बजे अपने ऐप के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस के अवसर पर बधाई दी है और कहा कि भाजपा भारत को बदलने का प्रयास जारी रखेगी। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने भाजपा को चुनने के लिए देशवासियों के प्रति कृतज्ञता भी व्यक्त की। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘मैं हमारे देश के भाइयों और बहनों को भाजपा पर विश्वास बनाए रखने के लिए धन्यवाद करता हूं। यह हमारी प्रतिबद्धता है कि हम खुद को भारत के परिवर्तन के प्रति समर्पित करते रहेंगे।’
भाजपा के लिए कार्यकर्ता सबकुछ: पीएम
वहीं, पीएम मोदी ने पार्टी के बढ़ने कद के लिए कार्यकर्ताओं के योगदान को श्रेय देते हुए कहा कि भाजपा के लिए पार्टी कार्यकर्ता सबकुछ हैं। उन्होंने कहा, ‘पार्टी के स्थापन दिवस के विशेष अवसर पर मैं भाजपा कार्यकर्ताओं को नमन करता हूं। हमें याद है, हमारे कार्यकर्ताओं ने बलिदान देकर पार्टी के निर्माण कार्य में हिस्सा लिया और एक मजबूत भारत बनाने के प्रति प्रतिबद्ध रहे।’ उन्होंने कहा, ‘भाजपा के लिए उनके कार्यकर्ता सबकुछ हैं। वे पार्टी के आत्मा हैं, जिसके पसीने से पार्टी नई ऊंचाइयों तक पहुंची है। उनके प्रयासों के कारण ही हमें आज भारत के लोगों की सेवा करने और उनका आकांक्षात्रों का पूरा करने का अवसर मिला है।’
भारतीय जनता पार्टी की स्थापना
1980 में आज ही (6 अप्रैल) देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ। स्थापना के बाद महज 38 साल में ही केंद्र और देश के 20 राज्यों में इसकी और सहयोगी दलों की सरकारें हैं। तीन बार प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी इसके पहले अध्यक्ष थे। भाजपा, 1951 में श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा स्थापित भारतीय जनसंघ का ही नया रूप है। 1984 के अपने पहले आम चुनाव में लोकसभा की केवल दो सीटें जीतने वाली भाजपा 1996 में सबसे बड़े दल के रूप में सामने आई। 1998 में भाजपा ने क्षेत्रीय दलों को मिलाकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन बनाया। इसके बाद 1999 के चुनाव में 303 सीटें जीतकर राजग ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई।
स्थापना दिवस पर मतदान केंद्रों पर फहराया जाएगा भाजपा ध्वज
भारतीय जनता पार्टी के 38वें स्थापना दिवस पर भाजपा कार्यकर्ता भोपाल में जिला और मंडल स्तर से लेकर मतदान केंद्र तक पार्टी का ध्वज फहराएंगे। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि स्थापना दिवस पर हर कार्यकर्ता के घर के साथ मंडल केंद्र और मतदान केंद्र पर प्रमुखता से पार्टी ध्वज फहराया जाए। पार्टी के जिला प्रभारी जिले में, मंडल प्रभारी मंडल में आयोजित विचार गोष्ठियां, रचनात्मक कार्यक्रम में भाग लेंगे। भाजयुमो पंचायत स्तर पर झंडा ऊंचा रहे हमारा कार्यक्रम आयोजित करेगा। युवा मोर्चा के अध्यक्ष अभिलाष पांडे ने बताया कि युवा मोर्चा सभी 23 हजार पंचायतों में भाजपा का ध्वज फहराएगा।
301 total views, 1 views today