केदारनाथ में एमआइ-17 हेलीकॉप्टर दुर्घटना की वायुसेना ने शुरू की जांच

रुद्रप्रयाग: वायुसेना ने मंगलवार को केदारनाथ में लैडिंग के समय एमआइ-17 हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की जांच शुरू कर दी है। वायुसेना का तीन सदस्य जांच दल केदारनाथ पहुंचा और तीन घंटे तक जांच में जुटा रहा।
इस दौरान दल ने दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर की फोटोग्राफी भी की। अब टीम आगे की जांच के लिए फिर केदारनाथ आएगी। मंगलवार सुबह लगभग साढ़े आठ बजे वायु सेना का एमआइ-17 हेलीकॉप्टर केदारनाथ में लैंडिग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
इस घटना में पायलट समेत क्रू मेंबर के सभी छह सदस्यों को हल्की चोट आई थी। मौसम खराब होने के कारण किसी भी सदस्य को केदारनाथ से वापस नहीं लाया जा सका था। बुधवार सुबह मौसम ठीक होने पर हेलीकॉप्टर से सभी छह सदस्यों को पहले गुप्तकाशी लाया गया, यहां से सेना के हेलीकॉप्टर से उन्हें बरेली रवाना किया गया। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि केदारनाथ में दुर्घटनाग्रस्त एमआइ-17 हेलीकॉप्टर की सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात की गई है।
78 total views, 1 views today