अमरोहा में होली के जुलूस पर पथराव से तनाव, कई लोग घायल

आकाश ज्ञान वाटिका, 19 मार्च 2022, शनिवार, अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा में शुक्रवार को होली के हुड़दंग में निकाले गये जुलूस में समुदायों के लोग आपस में भिड़ गये और इस दौरान हुए पथराव में दो लोगों के घायल होने से इलाके में तनावपूर्ण माहौल हो गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुँच गयी। पुलिस ने बताया कि अमरोहा शहर के मोहल्ला छंगा दरवाजा में होली के त्योहार पर डीजे की धुनों पर थिरक रहे योगी समर्थकों पर दूसरे समुदाय के लोगों ने जमकर पथराव कर मारपीट भी की। इसमें कम से कम दो लोग घायल हो गये। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामले की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर शुक्ला ने मौके पर पहुँच कर डीजे को कब्जे में ले लिया और इस मामले में वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी। इस दौरान होली के पर्व पर जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी के आवास पर अधिकारियों का होली मिलन समारोह चल रहा था। उसी समय होली के जुलूस पर पथराव की सूचना अधिकारियों को दे दी गयी।
380 total views, 1 views today