प्रियंका गांधी की रैली में नवजोत सिंह सिद्धू नजर आए खफा, लोगों को संबोधित करने से किया इन्कार

आकाश ज्ञान वाटिका, 13 फ़रवरी 2022, रविवार, कोटकपूरा। कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी की रैली में पार्टी के प्रदेश प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू खफा नजर आए। नवजोत सिंह सिद्धू मंच पर तो मौजूद रहे, लेकिन उन्होंने रैली को संबोधित करने से इन्कार कर दिया। प्रियंका गांधी आज पंजाब में चुनाव रैलियों को संबोधित कर रही हैं। पहले उन्होंने कोटकपूरा में रैली की और अब धूरी में रैली कर रही हैं।
चरणजीत सिंह चन्नी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भगवंत मान के खिलाफ चुनाव मैदान में कांग्रेस से गोल्डी हैं। कहा कि भगवंत मान का पता नहीं कि कब व शराब पीकर बह जाएं। वह लोगों से लड़ते रहते हैं। गुरु घर भी शराब पीकर चले जाते हैं। कहा कि यहां से गोल्डी को चुनो। वह उन्हें कद्दावर मंत्री बनाएंगे। चन्नी ने पूर्व की कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार पर भी निशाना साधा कहा कि कैप्टन ने पंजाब की वित्तीय हालत खराब कर दी।
चरणजीत सिंह चन्नी ने रैली के दौरान बड़ा एलान करते हुए कहा कि उनकी सरकार बनने पर हर घर को वर्ष में आठ सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। महिलाओं को 1100 रुपये दिए जाएंगे। चन्नी ने कहा कि पंजाब में रोजगार न होने के कारण युवा वर्ग पंजाब को छोड़कर विदेशों में जा रहा है, लेकिन मेरी इच्छा है कि केंद्र सरकार जहां पर 200000 करोड रुपए से रोजगार के संसाधन पैदा करें, ताकि पंजाब के युवक अपने परिवारों को छोड़कर विदेशों में न जाएं। चन्नी ने कहा कि पंजाब में वह छह महीने में कोई कच्चा मकान नहीं रहने देंगे।
सुनील जाखड़ ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब की एक खासियत है यहां के लोग जिगरे के उपासक हैं। मुझे मस्का लगाने की आदत नहीं, मैंने इसकी कीमत चुकाई है। हाथरस में बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म हुआ। राहुल व प्रियंका वहां जा रहे थे। उनको मिलने नहीं दिया गया। इसके बावजूद प्रियंका गांधी झांसी की रानी की तरह खूब लड़ी और जनता की आवाज को उठाया।
257 total views, 1 views today