पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए शीघ्र भूमि का चयन करने का दिया निर्देश

- अधिकारियों को निर्देश, अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए शीघ्र करें भूमि का चयन : महाराज
[box type=”shadow” ]
[/box]
आकाश ज्ञान वाटिका, 18 जून 2021, शुक्रवार, हरिद्वार। पर्यटन, तीर्थाटन एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में शुकवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट की स्थापना हेतु भूमि चयन के सम्बन्ध में बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिलाधिकारी सी० रविशंकर ने बताया कि हरिद्वार में अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट की स्थापना हेतु भूमि चयन के लिये एक कमेटी गठित की गयी है, जिसने भूमि के लिये हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों का सर्वे किया है।
पर्यटन, तीर्थाटन एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने बैठक में बोलते हुये कहा कि हरिद्वार धर्म नगरी है। इसका बहुत बड़ा महत्व है। यहाँ से अन्तर्राष्ट्रीय उड़ानें प्रारम्भ होने से विभिन्न उद्देश्यों के लिये विश्व के कई देशों से आवा-गमन होगा, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे तथा यह हमारे भविष्य के लिये काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार का हवाई सम्पर्क विश्व के लगभग सभी देशों से होना ही चाहिये।
इस मौके पर पर्यटन तीर्थाटन एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों से अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट की स्थापना हेतु जो मानक निर्धारित किये गये हैं, के सम्बन्ध में जानकारी लेते हुये विस्तृत विचार-विमर्श किया।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बैठक में नागरिक उड्डयन एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे अन्तर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट की स्थापना हेतु संभावित भूमि का मौका मुआयना करके अपनी रिपोर्ट यथाशीघ्र प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि भूमि के सम्बन्ध में रिपोर्ट प्राप्त हो जाने पर प्रस्ताव आदि बनाने की आगे की कार्रवाई की जायेगी।
इस अवसर पर विधायक ज्वालापुर सुरेश राठौर, एडीएम(वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, डी.सी. लक्सर शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम भगवानपुर सुश्री स्मृता पंवार, एस.डी.एम. सन्तोष पाण्डे, नागरिक उड्डयन, पुलिस विभाग के अधिकारी सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
196 total views, 1 views today