उत्तराखंड के हवलदार प्रदीप थापा को नम आँखों से दी गयी अन्तिम विदाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शहीद की अन्तिम यात्रा में हुए सम्मिलित
आकाश ज्ञान वाटिका, 2 जनवरी 2022, रविवार, देहरादून। नागालैंड में शहीद हुए उत्तराखंड के हवलदार प्रदीप थापा को रविवार को नम आंखों से विदाई दी गयी। उनकी अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग उमड़े। टपकेश्वर श्मशान घाट में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
गोरखा रेजीमेंट के जवानों ने तीन राउंड हवा में गोलियां दागकर शहीद को अंतिम सलामी दी। शहीद के भाई मदन थापा ने शहीद की चिता को मुखाग्नि दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अनारवाला, गुच्चुपानी पहुँचकर शहीद हवलदार प्रदीप थापा (1/3 गोरखा राइफल्स) के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की एवं उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने ईश्वर से अमर शहीद की दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस दौरान उन्होंने शहीद के परिवारजनों से भेंट कर अपनी शोक संवेदनायें साझा की। उन्होंने कहा कि ईश्वर शोकाकुल परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा ‘शहीद हवलदार प्रदीप थापा के बलिदान को हम सब नमन करते हैं। उत्तराखंड सरकार शहीद के परिवार के साथ हमेशा खड़ी रहेगी।’

इस दौरान कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी एवं अन्य लोग मौजूद रहे ।
इस मौके पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सेना, जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने उनको श्रद्धांजलि दी।
विदित रहे कि 1/3 गोरखा राइफल्स के हवलदार व देहरादून के अनारवाला निवासी हवलदार प्रदीप थापा नागालैंड में तैनात थे। शुक्रवार सुबह ड्यूटी के दौरान वह शहीद हो गए थे। इसकी सूचना मिलते ही उनके परिवार को देर शाम को मिली। बेटे की शहादत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोग शोक संतृप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
129 total views, 1 views today