मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के एक्शन से सरकारी विभागों में मचा हड़कंप, समय से दफ्तर पहुँच रहे हैं कर्मचारी

आकाश ज्ञान वाटिका, 19 मई 2022, गुरूवार, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आरटीओ दफ्तर देहरादून का औचक निरीक्षण करने और अनुपस्थित मिलने पर एआरटीओ को निलंबित करने के बाद से सरकारी विभागों में हड़कंप मचा हुआ है।

उत्तराखंड शासन द्वारा समय पर कार्यालय पहुँचने के सम्बन्ध में सख्त आदेश जारी किये गए हैं। कर्मचारियों के अनुपस्थित रहने एवं समय से कार्यालय नहीं पहुँचने की दशा में कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी जारी की गई है। जिसके चलते कुमाऊँ मंडल के कार्यालओं में भी समय पर कर्मचारी कार्यालय में आकर अपना कार्य करते नजर आ रहे हैं।


विदित रहे कि बुधवार, 18 मई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रातः 10:00 बजे राजपुर रोड स्थित आर.टी.ओ. कार्यालय पर छापा मारा। औचक निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पाया की आर.टी.ओ. कार्यालय में आम जनता अपने वाहनों से संबंधित कार्यों के लिए सुबह 9:00 बजे से मौजूद थी लेकिन कार्यालय में कुछ कर्मचारियों को छोड़कर आर.टी.ओ. के मुख्य अधिकारी दिनेश चंद्र पिठोई और काफी कर्मचारी सुबह के 10:30 होने के बावजूद मौजूद नहीं थे। कार्यालय के कर्मचारियों और अधिकारी की लापरवाही देखकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आरटीओ दिनेश चन्द्र पठोई को निलंबित करने के निर्देश दिए।

319 total views, 1 views today