मुख्यमंत्री धामी कैबिनेट की आज होने वाली बैठक में लिए जा सकते हैं कई महत्वपूर्ण फैसले

आकाश ज्ञान वाटिका, 27 जुलाई 2021, मंगलवार, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कैबिनेट की मंगलवार को होने वाली बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं।
बैठक में आंदोलित बिजली कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर विचार हो सकता है। इसके साथ ही तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार की धनराशि में वृद्धि के अलावा अन्य कई निर्णय लिए जाने की संभावना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में कैबिनेट की तीसरी बैठक सचिवालय में होगी। इसमें पिछली दो बैठकों की भांति बेरोजगारों को रोजगार के मसले पर कुछ फैसला लिया जा सकता है।
तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार के साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकरत्ताओं को दिए जाने वाले पुरस्कार की धनराशि में वृद्धि की पिछले साल तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने घोषणा की थी। माना जा रहा है कि यह प्रस्ताव भी कैबिनेट में आएगा। यह पुरस्कार आठ अगस्त को दिए जाते हैं।
बैठक में कोविड की स्थिति की समीक्षा करने के साथ ही संभावित तीसरी लहर से निबटने की तैयारियों के मद्देनजर निर्णय लिए जा सकते हैं। इसके अलावा परिवहन निगम, शहरी विकास समेत अन्य विभागों से जुड़े विषयों पर भी चर्चा के बाद फैसले लिए जा सकते हैं।
104 total views, 1 views today